बड़सरा में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन , 20 ग्रामों के लोगों ने रखीं समस्याएं और मांगें…..
मांग और शिकायत को लेकर 1336 आवेदन हुऐ प्राप्त, 585 का हुआ मौके पर निराकरण…..
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर :- सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत बड़सरा स्थित हाईस्कूल परिसर में बीते गुरुवार को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन जनपद अध्यक्ष सुलोचनी पैकरा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। शिविर में कुल 20 ग्रामों के ग्रामीणों ने शिरकत की , जिसमें शिवप्रसादनगर, बांसापारा, डबरीपारा, गंगौटी, भंवराही, खडगवां, बंजा, कुर्रीडीह, सोनपुर, बिरमताल, जूर, नावापारा, बड़सरा, बसकर, करौन्दमुड़ा, चोपन, रगदा, कुसुमसी, सावांरावां एवं गोविन्दगढ़ के ग्रामीण शामिल हुए।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कुल प्राप्त आवेदन 838 एवं शिविर दिवस पर 498 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल आवेदनों की संख्या 1336 रही, जिसमें मांग संबंधी 1280 तथा शिकायत संबंधी 50 आवेदन शामिल रहे। अब तक कुल 585 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जिसमें मांग संबंधी 575 तथा शिकायत संबंधी 10 आवेदन शामिल हैं। कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।


शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक जानकारी भी साझा की।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य अखलेश प्रताप सिंह साथ ही क्षेत्र के जनपद सदस्य, सरपंच गण तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी – कर्मचारी एवं काफी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
