Headlines

मातृ दिवस के दिन कलयुगी पुत्र ने की मां की हत्या , विधवा महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम…..

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- जिले के लटोरी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत गजाधरपुर चेरवापारा में मातृ दिवस के दिन रविवार को कलयुगी पुत्र ने मामूली सी बात पर सिलबट्टे से सिर पर मारकर विधवा मां को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। वह सरिया बेचकर शराब पी गया था, घर लौटा तो मां ने उसे फटकार लगाई थी। इसी बीच गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद घर पहुंचे छोटे बेटे द्वारा उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।

जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत गजाधरपुर के चेरवापारा निवासी फलेन बाई पति स्व. ईश्वर प्रसाद चेरवा उम्र 45 वर्ष रविवार को घर पर थी। उसका बड़ा पुत्र 25 वर्षीय दिगंबर शराब पीने का आदि था। वह रविवार को छड़ (सरिया) बेचकर शराब पी गया था।

घर पहुंचने पर मां ने डांट फटकार की तो वह विवाद करने लगा। इस दौरान शराब के नशे में दिगंबर ने घर में रखे सिलबट्टे से मां के सिर पर प्रहार कर दिया। इससे वह लहूलुहान हालत में बेहोश होकर गिर गई। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के दौरान घर में एक छोटी बच्ची थी, जबकि फलेन का छोटा बेटा नमेश काम करने गया था। सूचना पर वह घर पहुंचा तो उसकी मां बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी थी। फिर उसने मां को निजी वाहन से तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और नशे का आदि है। पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर मंगलवार को उसे जेल भेज दिया।

आपको विदित हो कि शराब के नशे में ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या व हिंसा की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती है। कई बार शराब पीने के बाद लोग अपने आप के ऊपर काबू नहीं रख पाते और अपनों का ही खून बहाते हैं। उनकी इस करतूत से परिवार बिखर जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top