महिला का अपहरण कर 22 लाख रुपये का फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर :- एक महिला का अपहरण कर पति से 22 लाख की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल मुख्य आरोपी को यह जानकारी मिली थी कि महिला का पति एसईसीएल की नौकरी से सेवानिवृत्त हुआ है और उसे बड़ी रकम मिली है। बस इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला का अपहरण कर रकम की डिमांड की थी। पानी मांगने के बहाने महिला के घर घुसे आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर अपहरण कर लिया था। हालांकि पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आरोपी महिला को घायल अवस्था में छोड़ कर भाग गए थे, लेकिन मुख्य आरोपी व उसका एक सहयोगी पकड़े गए, जबकि एक अन्य फरार है जिसकी तलाश जारी है।
30 अप्रैल को थाना सूरजपुर क्षेत्र अन्तर्गत एक व्यक्ति ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अप्रैल को सुबह अपने ड्राइवर के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहन को बनवाने अंबिकापुर गया था। घर में पत्नी अकेली थी। दोपहर 3.30 बजे अपने ड्राइवर के साथ घर वापस पहुंचा तो पत्नी घर में नहीं थी।
काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली, इसी दौरान करीब 3.50 बजे पत्नी के मोबाइल से फोन आया, लेकिन फोन पर कोई अज्ञात व्यक्ति था, जिसने कहा कि अपनी पत्नी चाहते हो तो 22 लाख रुपए दो। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। इधर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पतासाजी हेतु तत्काल तीन टीम का गठन किया।
इसके बाद पुलिस टीमों ने सघन पेट्रोलिंग करते हुए आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी। इधर पकड़े जाने के डर और पुलिस की पेट्रोलिंग से बढ़ते दबाव के बीच आरोपी महिला को ग्राम डुमरिया से पीढ़ा होते हुए पर्री से चंदरपुर जाने वाले बाइपास रोड पर ले जाकर घायल अवस्था में छोड़ दिए और पीडि़ता को ढकने में प्रयुक्त कंबल, बांधने वाला रस्सी, मुंह में लगा टेप निकालकर वहीं जला दिए और वहां से चले गए।
इसके बाद महिला एक व्यक्ति के घर पहुंची और वहां से मोबाइल के जरिए पति को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को बरामद कर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। फिर पुलिस टीम ने तकनीक की मदद व महिला के बताए अनुसार संदेही रौशन देवांगन पिता रामचरण देवांगन उम्र 21 वर्ष निवासी महुआपारा सूरजपुर पकड़ा।
इससे पूछताछ के आधार पर बिलासपुर की ओर भाग रहे साथी शेख इशू पिता शेख इसराइल खान उम्र 23 वर्ष निवासी शांति गली मस्जिदपारा सूरजपुर को केतका में घेराबंदी कर पकड़ा गया। इन दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त अपहृता का मोबाइल, रस्सी, टेप व कंबल का जला राख, घटना में प्रयुक्त 1 बाइक, 1 स्कूटी व आरोपियों का 2 नग मोबाइल जब्त किया गया।
प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है। जिसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एसआई एसआर भगत, संदीप सिंह, एएसआई सुनील सिंह, आरक्षक रविराज पाण्डेय व रामप्रसाद साहू सक्रिय रहे।

पीने के लिए पानी मांगा, फिर किया अपहरण :-
पूछताछ में मुख्य आरोपी रौशन देवांगन ने बताया कि वह महिला के पति के वाहन को 18 माह तक चलाया था। इस कारण वह जानता था कि वह एसईसीएल से सेवानिवृत्त हुआ है और उसे काफी पैसा मिला है। पैसे की लालच में अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई। वह अपने साथी शेख इशू व एक अन्य के साथ मिलकर उसके घर जाकर उसकी पत्नी से बातचीत कर पीने के लिए पानी मांगा।
कुछ देर बाद महिला को पकडक़र घर अंदर ले गए। फिर योजनानुसार उसके मुंह-आंखों में टेप लगाने के बाद हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बाइक में बैठाकर रौशन के टायर पंक्चर दुकान डुमरिया ले गए। यहां रौशन ने महिला का मोबाइल ले लिया और ग्राम रूनियाडीह जाकर पति को फोन लगाकर 22 लाख रुपए की मांग की थी।
