Headlines

जमीन विवाद मे टांगी से वार कर कर दी चचेरे भाई की हत्या पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर :- जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महोरा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 14 वर्षीय किशोर की उसके ही चचेरे भाई ने टांगी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल से ही उसके मामा को फोन कर हत्या की सूचना दी और अगले दिन खुद परिजनों के साथ तलाश में भी शामिल होकर सभी को गुमराह करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

11 फरवरी की शाम लगभग 5 बजे ग्राम महोरा निवासी मंगलूराम पंडो के बड़े बेटे 14 वर्षीय लालसाय के मोबाइल से उसके मामा मंगल साय के पास एक कॉल आया, फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि लालसाय की हत्या कर दी गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है, सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव का पता नहीं चल सका,अगले दिन सुबह पुनः ग्रामीणों के साथ जंगल में खोजबीन की गई, जहां पगडंडी किनारे लालसाय का शव बरामद हुआ।
शव की स्थिति देखकर स्पष्ट था कि हत्या धारदार हथियार से की गई है, गले पर गहरे वार के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की, मृतक के पिता मंगलूराम पंडो ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका जमीन बंटवारे को लेकर अपने बड़े भाई महाबली पंडो से विवाद चल रहा है, इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के दायरे में परिजनों से पूछताछ शुरू की।

शक के आधार पर पुलिस ने लिया हिरासत में आरोपी ने कबुला जुर्म  :- जांच के दौरान पुलिस ने महाबली पंडो के बेटे देवसाय पंडो उर्फ देवान (28 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली,आरोपी ने बताया कि जमीन विवाद से आक्रोशित होकर उसने योजनाबद्ध तरीके से लालसाय को जंगल की ओर ले जाकर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी, हत्या के बाद उसने मृतक का की-पैड मोबाइल तोड़कर सिम और बैट्री अलग कर दी तथा उसी फोन से मामा को कॉल कर सूचना दी, ताकि शक किसी और दिशा में जाए, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल, टूटा सिम, बैट्री और घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली है।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने चाचा यानी मृतक के पिता को भी मारने की योजना बना रहा था, जमीन विवाद की रंजिश ने उसे इस हद तक आक्रामक बना दिया था कि वह पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखता था।

मामले की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी विराट विशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की,जांच में प्रधान आरक्षक महेंद्र पटेल, विनय किस्पोट्टा, आरक्षक सत्यम सिंह, दीपक यादव, हरीश दास, नागेंद्र राजवाड़े, गोरेश्वर सिंह, राजू उइके एवं महिला आरक्षक सिंधू कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पारिवारिक जमीन विवाद बना हत्या का कारण :- यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि जमीन-जायदाद के विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देते हैं, एक चचेरे भाई द्वारा नाबालिग की हत्या ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top