नवीन आयुष्मान कार्ड महाअभियान – ओड़गी ब्लॉक मे 7000 पात्र हितग्राहियों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड….

आयुष्मान कार्ड बनाने 16 से 18 जूलाई तक घर – घर दस्तक देगें स्वास्थ्य योद्धा….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर :- जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ, जिले के ओड़गी विकासखंड में एक वृहद आयुष्मान महाअभियान का बिगुल बज चुका है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार, 16 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस तीन दिवसीय विशेष अभियान का लक्ष्य उन हजारों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में लाना है, जो अब तक किसी कारणवश आयुष्मान कार्ड से वंचित रह गए थे।

इस महाअभियान के तहत ओड़गी विकासखंड में 7,000 पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 70 वर्ष से अधिक आयु के 550 वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदना कार्ड प्रदान कर विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रशासन ने इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए कमर कस ली है। कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को सुलभ बनाने हेतु दो स्तरों पर कार्य किया जाएगा, डोर-टू-डोर सर्वेक्षण, स्वास्थ्य विभाग की टीमें और मितानिन घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। विशेष शिविर के तहत निर्धारित स्थानों पर कैंप लगाकर तत्काल कार्ड बनाए जाएंगे।

इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और मितानिन कार्यक्रम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। कार्य की सुचारू व्यवस्था के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी , आरएचओ, एएनएम, आयुष्मान ऑपरेटर और च्वाइस सेंटर संचालकों की जवाबदेही तय की गई है।

जिला प्रशासन की अपील अधिकार से कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे, यही हमारा मुख्य उद्देश्य है। यह महाअभियान ओड़गी क्षेत्र के परिवारों को गंभीर बीमारियों के समय आर्थिक संबल प्रदान करेगा। सभी पात्र नागरिकों से आग्रह है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और अपने दस्तावेज तैयार रखें।

जिला प्रशासन ने ओड़गी वासियों से अपील की है कि 16 से 18 जुलाई के बीच आयोजित होने वाले इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अपना आधार कार्ड और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और इस महाअभियान को सफल बनाकर अपने परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का सुरक्षा कवच प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top