काम से निकला था युवक पिता से अंतिम बार हुई फोन पर बात , घर पहुंचने से पहले ही हो गया हादसे का शिकार परिजन अस्पताल पहुंचे तो हो गई थी मौत , परिवार मे छाया मातम , पिता सदमें में….

CG Samachar 24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- एक 20 वर्षीय एक युवक घर से बाइक लेकर किसी काम से निकला था। बारिश की वजह से उसने पिता को कॉल कर कहा कि बारिश खत्म होते ही वह घर लौट आएगा। दोबारा पिता ने कॉल किया तो उसने कहा कि वह जयनगर में है, बस कुछ ही देर में वापस आ रहा है। आखिरी बार उसके पिता ने रात 10 बजे फोन किया तो बताया कि घर के पास पहुंच गया हूं, आ रहा हूं। इसी बीच रात 11 बजे उसके पास जयनगर पुलिस का फोन आया कि उसका बेटा सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल है, बिश्रामपुर अस्पताल आ जाइए। पिता समेत अन्य परिजन हड़बड़ाहट में अस्पताल पहुंचे, लेकिन बेटे की मौत हो गई। युवा बेटे की मौत से माता-पिता जहां सदमे में है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

 जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संबलपुर सेमरा निवासी 20 वर्षीय सतेन्द्र मानिकपुरी पिता जगेश्वर मानिकपुरी बीते सोमवार की शाम करीब 6 बजे अपनी बाइक क्रमांक सीजी 15 ईके-8902 से लटोरी जाने की बात कहकर निकला था। रास्ते में बारिश होने पर उसने पिता को फोन पर बताया कि वह बारिश रुकने का इंतजार कर रहा है और जल्द घर लौट आएगा।

रात करीब 10:00 बजे पिता ने दोबारा फोन किया तो सतेन्द्र ने बताया कि वह जयनगर में है और कुछ ही देर में घर पहुंच जाएगा। इसके लगभग 10-15 मिनट बाद हुई आखिरी बातचीत में उसने कहा कि वह गांव पहुंच चुका है और मैदान के पास है, बस घर आ रहा है ।
परिवार ने यह सोचकर राहत की सांस ली कि बेटा सुरक्षित लौट रहा है, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। रात करीब 11:00 बजे जयनगर से पुलिस का फोन आया कि जयनगर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास एनएच-43 पर सतेन्द्र सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल है। उसे बिश्रामपुर अस्पताल लाया गया है।

पुलिस की यह बात सुनकर पिता सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। यहां गंभीर हालत में उसे एसईसीएल अस्पताल ले जाया गया था। जब पिता यहां पहुंचा तो उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। इससे उसके सिर व चेहरे में गंभीर चोटें आई थीं। बेटे का शव देख माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106 (ए) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top