कार के ठोकर से 6 वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत….
प्रशासन की समझाइश पर परिजन ने किया दाह संस्कार…
CG Samachar 24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर / भैयाथान: – सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 6 वर्षीय बालिका की इलाज के दौरान अंबिकापुर में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और उन्होंने दाह संस्कार करने से इंकार कर दिया। हालांकि जनप्रतिनिधियों व पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को कार क्रमांक सीजी 16 सीएम 9428 से ग्राम बसकर के बसोरपारा में 6 वर्षीय सृष्टि को टक्कर लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले को शून्य पर पंजीबद्ध कर आगे की जांच के लिए भैयाथान थाना को भेज दिया है। इधर बच्ची की मौत से दुखी परिजन ने न्याय और उचित कार्रवाई की मांग करते हुए दाह संस्कार करने से मना कर दिया। सूचना मिलने पर भैयाथान थाना प्रभारी नसीम उद्दीन, नायब तहसीलदार प्रियंका टोप्पो, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू तथा जनपद सदस्य इंद्रावती राजवाड़े मौके पर पहुंचे और परिजन को समझाइश दी। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों द्वारा उचित कार्रवाई और सहयोग का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। ग्राम पंचायत के सरपंच सुरेश सिंह ने दाह संस्कार हेतु 2000 रुपए की मदद परिजन को की। अंततः गुरुवार को बच्ची का दाह संस्कार कर दिया गया।
